Friday, 17 January 2025

विज साहब! अपना महकमा संभालिए

डबवाली-रानियां रुट: समय न बस अड्डा, मनमर्जी कर रहे रोड़वेज कर्मचारी

यात्री परेशान, सरकार को वित्तीय नुकसान हो रहा, जीएम को दर्ज करवाई शिकायत
डबवाली-रानियां रुट पर चलने वाली बस। जोकि समय 9.19 बजे गांव डबवाली के समीप खड़ी है। इस बस को इस समय गांव मौजगढ़ में होना चाहिए। पता चलता है कि रोड़वेज चालक-परिचालक जानबूझकर निर्धारित समय सारिणी तथा नियमों की पालना नहीं कर रहे।


अनिल विज को हरियाणा का सबसे खतरनाक मंत्री कहा जाता है। ऐसा इसलिए कि वे लापरवाह अधिकारियों को बख्शते नहीं है। लेकिन उनके खुद के महकमें में ही लापरवाह अधिकारियों तथा कर्मचारियों की फौज है। जो विभागीय नियमों की पालना नहीं करते। न ही रोड़वेज द्वारा निर्धारित मापदंडों को मानते हैं। यहां तक की अब इन कर्मचारियों ने यात्रियों को परेशान करना शुरु कर दिया है। पढ़ें यह खबर.....

डबवाली।
डबवाली से सिरसा वाया रानियां रोड पर चलने वाली हरियाणा रोड़वेज की बसें निर्धारित बस अड्डों पर नहीं रुकती हैं। माना जा रहा है कि निजी बस आपरेटरों को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसा किया जा रहा है। इससे हरियाणा सरकार को वित्तीय नुकसान हो रहा है। वहीं लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उक्त रुट पर यात्रा करने वाले लोगों ने हरियाणा रोड़वेज सिरसा के महाप्रबंधक को शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायतकर्ता सतनाम सिंह, भागा राम, सुरेश कड़वासरा, दया राम, विंकल कुमार, प्रहलाद, राहुल आदि ने बताया कि शाम 4.55 बजे डबवाली से चलकर रानियां को जाने वाली बस के चालक-परिचालक मनमर्जी कर रहे हैं। पिछले 15 दिनों से गांव डबवाली के नामा बस स्टेंड पर बस नहीं रोक रहे। सवारियों को देखते ही बस भगा लेजाते हैं। ठंड तथा बरसात के मौसम में अपने गंतव्य तक पहुंचने में प्रतिदिन देरी होती है। साथ ही कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विभाग को भी वित्तीय नुकसान होता है।
ग्रामीणों के अनुसार 16 जनवरी को सुबह हरियाणा रोडवेज की बस रानियां से चलकर डबवाली की ओर जा रही थी। चालक तथा परिचालक अपनी मनमर्जी के समय मुताबिक बस चला रहे थे। विभाग की समय सारिणी तथा नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे। विभाग द्वारा तय की गई समय सारिणी के अनुसार गांव मौजगढ़ में रोडवेज बस का समय सुबह 9.18 बजे है। लेकिन चालक ने सुबह 9.19 बजे ही मौजगढ़ से कई किलोमीटर दूर स्थित गांव डबवाली में नाका वाले बस अड्डा पर बस को पहुंचा दिया। प्रत्येक बस अड्डा से पहले निकल जाने के कारण महाविद्यालय तथा स्कूलों मंे जाने वाले छात्र-छात्राओं और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
----
चालक-परिचालक करते हैं मनमर्जी
ग्रामीणों के अनुसार गांव डबवाली के नाका बस अड्डा पर बस रोकने की गुहार लगाई गई थी। चालक आनाकानी करने लगा। कहने लगा कि आज के बाद यहां बस नहीं रुकेगी। आप पिछले बस स्टेंड पर ही उतर जाना। लोगों के अनुसार इससे यह साबित होता है कि चालक तथा परिचालक अपनी मनमर्जी के समय अनुसार डबवाली-रानियां रुट पर बस चला रहे हैं। यात्रियों को परेशान करने के साथ-साथ विभाग को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

संत बाबा श्री रामगिर जी महाराज की जीवन गाथा

विशाल वार्षिक फाल्गुन मेले के अवसर पर संत बाबा श्री रामगिर जी महाराज की जीवन गाथा -13 मार्च को गांव पन्नीवाला रुलदू में स्थित समाध स्थल पर ल...