Saturday, 4 January 2025

पुलिस में SPO की भर्ती

एक वर्ष के लिए 14 एसपीओ की होगी भर्ती, हर माह मिलेंगे 20 हजार रुपये

डबवाली पुलिस जिला ने मांगे आवेदन, 12 तक होगा चयन, 13-14 जनवरी को इंटरव्यू

डबवाली।
जिला डबवाली पुलिस ने एसपीओ के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। 14 स्पेशल पुलिस आफिसर (एसपीओ) की अस्थाई भर्ती होगी। मानदेय के आधार पर उनका चयन किया जाएगा। भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12 पास रखी गई है। इस प्रक्रिया में भारतीय सेना से सेवानिवृत सैनिक (एक्स सर्विसमैन), सीएपीएफ से सेवानिवृत कर्मी, एचआइएसएफ व एचएपी 2004 में सेवा मुक्त किये गये जवानों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित एसपीओ को प्रति माह 20,000 रुपए मानदेय दिया जाएगा। एकमुश्त वर्दी भत्ता 3,000 रुपए दिया जायेगा।
एसपीओ के पद पर कार्य करने के इच्छुक 09 जनवरी से 12 जनवरी तक सुबह नौ से शाम पांच बजे तक पुलिस लाईन डबवाली में आवेदन कर सकेंगे। आवेदनकर्ता को वर्तमान दो फोटो, मूल दस्तावेज, व उनकी दो-दो सत्यापित प्रतियों के साथ पहुंचना होगा। इसके अतिरिक्त कार्यालय से पर्सनल इंटरव्यू फार्म भर कर देना सुनिश्चित करना होगा। चयनित आवेदनकर्ताओं का इंटरव्यू 13 और 14 जनवरी को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में होगा।
----
ये शर्तें तय की गई हैं
1. इस भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों की आयु 25 से 50 वर्ष के बीच हो ।
2. इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले सदस्य अपने साथ अपनी सर्विस / डिस्चार्ज बुक की मूल प्रति के साथ छाया प्रति, आयु प्रमाण-पत्र, चार फोटो पासपोर्ट साईज, चरित्र प्रमाण पत्र, पहचान पत्र, एस. सी, एस.टी व बी.सी. प्रमाण पत्र इत्यादि दस्तावेज अवश्य साथ लेकर आएं।
3. चयनित एस.पी.ओ. (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) एक वर्ष की अवधि के लिए या नियमित आधार पर व्यक्तियों की नियुक्ति की तिथि तक, जो भी पहले हो, तक नियोजित किया जाएगा।
4. एसपीओ को हरियाणा पुलिस के कांस्टेबलों के लिए लागू आकस्मिक अवकाश दिया जाएगा।
5. एसपीओ को कम अवधि के लिए आपात स्थितियों के दौरान हरियाणा राज्य में कहीं भी तैनात किया जा सकता है।
6. स्वयंसेवी एसपीओ को अनुशासनहीनता, कदाचार और कर्तव्य के असंतोषजनक प्रदर्शन या गैर-आवश्यकता के आधार पर एक वर्ष की अवधि से पहले किसी भी समय संबंधित पुलिस अधीक्षक बिना कोई नोटिस जारी किए एक आदेश द्वारा हटाए जाने के लिए अधिकृत होंगे। बर्खास्तगी के इस आदेश के खिलाफ किसी भी वरिष्ठ या किसी न्यायालय के समक्ष कोई अपील नहीं होगी।

भारत माला रोड

अमृतसर-जामनगर हाइवे पर लापरवाही का साया, एक साथ भिड़े तीन ट्रक, एक बोलेरो

कई दिनों से हो रहे हादसे, करीब 50 से ज्यादा वाहन भिड़ चुके, एसडीएम ने लिया संज्ञान
डबवाली।



गांव जोगेवाला के समीप भारत माला प्रोजेक्ट के तहत बने अमृतसर-जामनगर हाइवे पर लापरवाही का खामियाजा वाहन चालक भुगत रहे हैं। शनिवार सुबह तीन ट्रक, एक बोलेरो गाड़ी भारत माला रोड पर बनी लापरवाही की दीवार से टकरा गई। गनीमत रही कि वाहन सवार बाल-बाल बच गए। जबकि गाड़ियां बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
गांव जोगेवाला निवासी सुरजीत सरां ने बताया कि जोगेवाला गांव के समीप एनएचएआइ (नेशनल हाइवे अथारिटी आफ इंडिया) का टोल प्लाजा स्थित है। टोल प्लाजा से करीब 500 फीट की दूरी पर बठिंडा रोड की ओर एनएचएआइ ने पत्थर के बेरिकेडस की दीवार रोड पर बनाई हुई है। इस दीवार से वाहन टकरा रहे हैं। करीब 50 से ज्यादा वाहन तथा चार ट्रक से दीवार से टकरा गए होंगे। इसके बावजूद एनएचएआइ ने कोई प्रबंध नहीं किए हैं। हालांकि बठिंडा रोड की ओर पथराला गांव के समीप रोड का काम अधूरा है। बठिंडा रोड की ओर जाने वाले वाहन ही हादसे का शिकार होते हैं। लेकिन सड़क हादसे रोकने के लिए एनएचएआइ की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई। एनएचएआइ को महज टोल की कमाई से मतलब है। चूंकि टोल शुरु है तो लोग समझते हैं कि आगे मार्ग है। बेरिकेडस दिख जाए या आगे रास्ता बंद है, इसकी व्यवस्था भी नहीं की हुई है। यही नहीं लाइट भी नहीं जलाई जाती। गांव जोगेवाला के ग्रामीणों के अनुसार अगर कोई बड़ा हादसा होता है तो जिम्मेवार एनएचएआइ अधिकारी होंगे।
----
ग्रामीण ने मचाया शोर तो रुका हादसा
अल सुबह किसान सुरजीत सरां खेत में पानी लगा रहे थे। उन्होंने देखा कि कई वाहन दीवार से भिड़ गए हैं। एनएचएआइ ने हाइवे पर लगी स्ट्रीट लाइट बंद कर रखी है। किसान हादसा न हो, इसलिए सड़क पर खड़ा हो गया। उसने देखा कि एक वाहन तेज गति से एनएचएआइ द्वारा बेरिकेडस से बनाई गई दीवार की ओर बढ़ रहा है। सरां शोर मचाते हुए सड़क पर दौड़े तो चालक ने शोर सुनकर वाहन की गति धीमी की और ब्रेक लगा दिए। ऐसे मंे हादसा होने से बच गया।
----
एसडीएम ने लिया संज्ञान
एसडीएम अर्पित संगल ने हादसों के बाद संज्ञान लिया। वे खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने डायवर्जन के साथ-साथ रेडियम टेप तथा कैट आइज लगवाई। साथ ही एनएचएआइ को स्ट्रीट लाइट आन रखने की हिदायत दी। एसडीएम ने खुद प्रबंधों का जायजा लिया। ताकि दूर से वाहन चालक को डायवर्जन दिखाई दे।

रैन बसेरा

रेलवे स्टेशन के समीप बनाया रैन बसेरा, गर्म पानी-भोजन की सुविधा

एसडीएम अर्पित संगल, ईओ राजिंद्र सोनी ने निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया




डबवाली।
जाड्डा बढ़ गया है। बस, कार या रेलगाड़ी पर यात्रा मुश्किल हो गई है। फेरे मिस होने लगे हैं। इस वजह से यात्रियों को बस अड्डा या फिर रेलवे स्टेशन में स्थित मुसाफिर खाने में रात काटनी पड़ रही है। ऐसे लोगों को राहत देने के लिए डबवाली नगरपरिषद ने वार्ड नंबर 14 स्थित रेलवे डिग्गी के सामने कम्युनिटी हाल में रैन बसेरा बनाया है। शनिवार को एसडीएम अर्पित संगल ने रैन बसेरे का निरीक्षण किया। इस मौके पर नगरपरिषद के ईओ राजिंद्र सोनी मौजूद थे।
ईओ राजिंद्र सोनी ने बताया कि रैन बसेरे में 10 बेड लगाए गए हैं। जगह बस अड्डा तथा रेलवे स्टेशन के समीप है। रैन बसेरा मंे मुसाफिरों को गर्म बिस्तर, गर्म पानी उपलब्ध होगा। अगर कोई मुसाफिर रैन बसेरे से दूर है, तो उसे सिर्फ एक काल पर परिवहन की सुविधा भी मिलेगी। सफाई निरीक्षक मोहित सहित एक अन्य कर्मचारी तैनात किया गया है। इमरजेंसी में कर्मचारी बाइक पर संबंधित व्यक्ति को रैन बसेरे तक लेकर आएगा। यह खर्च नगरपरिषद वहन करेगी।
----
भोजन की व्यवस्था होगी
ईओ राजिंद्र सोनी ने बताया कि रैन बसेरे में देर-सवेर यात्री आएगी। उसके लिए भोजन की व्यवस्था नगरपरिषद उपलब्ध करवाएगी। नगरपरिषद संबंधित को छह रोटी, दाल या सब्जी सहित पूरा मील उपलब्ध करवाने का प्रयास करेगी। इसकी पूरी व्यवस्था कर ली गई है। संबंधित मुसाफिर को अपना आधार कार्ड तथा मोबाइल नंबर रजिस्टर में दर्ज करवाना होगा।

संत बाबा श्री रामगिर जी महाराज की जीवन गाथा

विशाल वार्षिक फाल्गुन मेले के अवसर पर संत बाबा श्री रामगिर जी महाराज की जीवन गाथा -13 मार्च को गांव पन्नीवाला रुलदू में स्थित समाध स्थल पर ल...